Mahakumbh Stampede: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर बुधवार सुबह भगदड़ मचने से कई लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं कई लोग घायल हैं।
प्रशासन की ओर से बचाव और राहत अभियान चलाए जाने के कारण महाकुंभ अस्पताल में लगातार एंबुलेंस पहुंच रही हैं। यह दुखद घटना संगम तट के पास रात करीब 2 बजे हुई। सीएम योगी घटना पर दुख जताते हुए लगातार हालातों पर नजर बनाए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। सुबह होने तक सभी अधिकारी स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रित करने के लिए अथक प्रयास करते रहे। घायलों को एयर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई। भगदड़ जैसी स्थिति के कारण संतों ने मौनी अमावस्या अमृत स्नान रद्द कर दिया है।
अखाड़ों के अमृत स्नान रद
वहीं अमृत स्नान को रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखाड़ों से बात भी की। इसके चलते अखाड़ों ने अमृत स्नान स्थगित कर दिया। सुबह 5 बजे श्री महावीर निर्वाणी और अटल अखाड़ा का अमृत स्नान का कार्यक्रम था। उनके बाद निरंजनी और आनंद अखाड़े की बारी थी। उसके बाद जूना, अग्नि, आवाहन और किन्नर अखाड़े थे। फिर, वैष्णव संप्रदाय के दिगंबर अनी, निर्मोही अनी और निर्वाणी अनी को अपना स्नान करना था। अंत में, निर्मल अखाड़े को अमृत स्नान के लिए निर्धारित किया गया।
पीएम ने सीएम से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले की स्थिति की समीक्षा के लिए बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। प्रधानमंत्री ने तत्काल सहायता उपाय करने का आह्वान किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की। उन्होंने उन्हें इस अप्रिय घटना से निपटने के लिए केंद्र की ओर से पूर्ण सहायता का आश्वासन दिया।
